संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी के नेतृत्व में शनिवार को शहर के ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में स्वच्छता से स्वागत अभियान के तहत विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि संस्कृति और संस्कार का हिस्सा है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास की सफाई की जिम्मेदारी निभाए तो हमारा शहर स्वत: ही सुंदर और स्वच्छ बन जाएगा। नगर परिषद लगातार स्वच्छता को लेकर प्रयासरत है, लेकिन इसमें आम जनता का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।
भाजपा नेता दिनेश कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरे हरियाणा में स्वच्छता से स्वागत अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस जनअभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले रहा है। स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि न केवल अपने घर बल्कि सभी सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस मौके पर दिनेश शेखावत, पार्षद राजेश तंवर, अटल मंडल अध्यक्ष पंकज गर्ग, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन प्रदीप गुप्ता, प्रवीण कुमार, शमशेर, जगबीर, सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा मौजूद रहे।