फोटो नंबर 77: रैली स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट लगाते कर्मचारी। (संवाद)
- फोटो : Archive
बादली। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 जून को बादली क्षेत्र के मुनीमपुर गांव में पुष्प एवं बागवानी उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन करेंगे। पुष्प एवं बागवानी केंद्र की डिप्टी डायरेक्टर पिंकी यादव ने केंद्र की उपयोगिता पर जानकारी देते हुए बताया कि सैकड़ों की संख्या में किसानों को इसका लाभ मिलेगा। विशेष रूप से फूल और बागवानी की खेती करने वाले किसानों के लिए यह केंद्र अत्यंत लाभकारी साबित होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे और क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की कई सौगातें देंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें नए स्कूल भवन, जलघर सहित जनसुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के शिक्षा, पेयजल और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनसभा स्थल और उद्घाटन कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने रैली स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसभा के लिए करीब चार एकड़ क्षेत्र में वाटरप्रूफ टेंट लगाया जा रहा है, ताकि मौसम की किसी भी स्थिति में कार्यक्रम सुचारु रूप से आयोजित किया जा सके। वहीं वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए अलग से पार्किंग व्यवस्था की गई है। सुरक्षा, पेयजल, बिजली और बैठने की सुविधाओं को लेकर भी प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है।
फोटो नंबर 77: