यूपी का पहला कृषि उपज एवं सुविधा केंद्र बनने का स्थान।
- फोटो : KHURJA
बुलंदशहर में खुलेगा यूपी का पहला कृषि उपज केन्द्र, किसान को मिलेगा फायदा
आशीष मणि त्रिपाठी
खुर्जा। किसानों की उपज की खरीद के लिए उत्तर प्रदेश का पहला निजी सुविधा केंद्र अरनिया में खुलेगा। केंद्र सरकार की नई नीति के तहत किसानों को अपने खेत की उपज बेचने के लिए मंडियों के अधिकृत व्यापारियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उपज की सही तौल और तीन दिन के भीतर किसानों को उनका भुगतान कर दिया जाएगा। जो उनके खातों में सीधे पहुंचेगा। यही नहीं केंद्र पर खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयां मिलने के साथ-साथ किसानों के लिए ऋण की भी सुविधा प्रदान की जाएगी। दिल्ली स्थित फॉर्च्यून एग्रोमार्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा खोले जा रहे कृषि उपज एवं सुविधा केंद्र का शुभारंभ 24 सितंबर को डीएम करेंगे।
केंद्र सरकार की नई नीति के तहत किसानों को आत्म निर्भर बनाने और उन्हें एक विकल्प प्रदान करने के लिए अरनिया खुर्द गांव के पास जीटी रोड पर फॉर्च्यून एग्रो मार्ट कंपनी की ओर से कृषि उपज एवं सुविधा केंद्र की स्थापना की जा रही है। किसानों को अब तक अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों के अधिकृत व्यापारियों पर निर्भर रहना पड़ता था। वही किसानों को समय से अपनी उपज का भुगतान न मिलने, अनाज की तौल के दौरान घटतौली, आढ़त-मजदूरी के नाम पर कटौती आदि कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। सुविधा केंद्र के खुलने से किसानों को इन सभी समस्याओं से निजात मिल जाएगी। कंपनी के निदेशक व राइस एक्सपोटर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अजय भालोटिया ने बताया कि इस साल एक लाख मीट्रिक टन बासमती चावल खरीदने का लक्ष्य तय किया गया है। बाद में गेहूं सहित अन्य फसलों की भी खरीद की जाएगी। योजना के तहत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को कवर करने के लिए अलीगढ़, हापुड़, मुजफ्फरनगर और बरेली में इसी तरह के केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों से उपज की खरीद की कीमतें मंडियों की कीमतों के अनुसार होंगी। लेकिन किसानों को तीन दिन में भुगतान की गारंटी रहेगी। भुगतान का पैसा सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच जाएगा। ताकि किसानों को बिचौलियों के शोषण का शिकार न होना पड़े। उन्होंने बताया कि सुविधा केंद्र धान और अन्य किसानों के डेटा के पंजीकरण और संग्रह में भी मदद करेगा। किसानों को अच्छी खेती के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। किसानों की उपज की क्षमता और उचित गुणवत्ता की जांच की सुविधा किसानों को मिल सकेगी। केंद्र पर कंप्यूटरीकृत मशीनों से उचित तौल किया जाएगा ताकि घटतौली की समस्या से किसानों को निजात मिल सके।
अजय भलोटिया ने बताया कि सुविधा केंद्र पर किसानों को खेती के लिए इनपुट के साथ कम दर पर अच्छे बीज, कीटनाशक, उर्वरक भी मिल सकेंगे। यही नहीं केंद्र किसानों को ऋण प्राप्त करने में भी मदद करेगा। ताकि किसान अच्छी कृषि पद्धतियों को अपनाकर और अपनी आय बढ़ाने के साथ ही गुणवत्तापूर्ण फसल प्राप्त कर सकते हैं। अजय भलोटिया ने बताया कि सुविधा केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 24 सितंबर को डीएम रविन्द्र कुमार शुभारंभ करेंगे।