राजस्थान में भाजपा के दिग्गज नेता और सांगानेर से एमएलए घनश्याम तिवाड़ी ने पार्टी की ओर से दिए अनुशासनहीनता के नोटिस का करार जवाब देने का ऐलान करते हुए तंज कसा है कि गंदी नाली गंगा को पवित्र रहने का उपदेश दे रही है।
तिवाड़ी ने रविवार को मीड़िया से कहा कि उन्हें अभी नोटिस नहीं मिला है। दूसरी तरफ अपने निवास पर आए दीनदयाल वाहिनी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार के मुद्दे और पार्टी उन्हें दिए नोटिस पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया जताई। उन्होंने अपनी ही पार्टी की सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ लोग रिटायरमेंट ले रहे है, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। उन्होंने इसके खिलाफ जयपुर से आंदोलन की शुरुआत करने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने अपनी ही पार्टी की सरकार को भ्रष्टाचारी सरकार बताया और कहा कि सरकार से डरने और घुटने टेकने की जरूरत नहीं। उन्होंने अनुशासनात्मक कार्यवाही को लेकर नोटिस मिलने वाले प्रश्नों पर कहा कि मुझे अभी तक इस बारे में कोई नोटिस नहीं मिला, यदि ऐसा कोई नोटिस मिलता है तो उसे माकूल जवाब दिया जाएगा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि हालात देखिए गंदी नाली गंगा को पवित्र रहने का उपदेश दे रही है। इससे पहले दीनदयाल वाहिनी के ये कार्यकर्ता उनके समर्थन में नारेबाजी करते हुए उनके घर पर जुटे। कार्यकर्ताओं को दीनदयाल वाहिनी के प्रदेश सचिव अखिलेश तिवाड़ी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामस्वरूप खंडेलवाल, अशोक यादव, समदर सिंह शेखावत, अंकित शर्मा, शैलेंद्र माथुर व जयपुर शहर युवा अध्यक्ष सुमित खंडेलवाल ने भी संबोधित किया।