खराब मौसम की वजह से दिसंबर, 2015 में बंद की गई बांदीपोरा-गुरेज सड़क को पांच महीने बाद खोल दिया गया है। रविवार को कश्मीर मंडलायुक्त डा. असगर हसन सामून ने सड़क को विधिवत खुलवाया।
उन्हाेंने बीकन के अफसरों और बांदीपोरा जिला प्रशासन को बांदीपोरा-सुंबल सड़क की मरम्मत का काम अगले दो सप्ताह में पूरा करने की हिदायत जारी की। मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क यातायात को पूरी तरह से बहाल करने में देरी न होने पाए। सड़क की मरम्मत और अपग्रेड करने का कार्य निर्धारित अवधि में ही पूरा करना होगा।
किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग को खोला
किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग को पीडब्लूडी विभाग ने रविवार को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। पंद्रह दिनों से लगातार विभाग इस मार्ग से बर्फ हटाने का काम जारी था। इंद्रवाल विधायक गुलाम मोहम्मद सरूड़ी ने बताया कि विभाग ने मार्ग को साफ कर दिया है।
परंतु चार-पांच दिन तक वाहन चालकों को इस मार्ग पर चलने में सावधानी बर्तनी होगी। क्योंकि इस मार्ग पर अभी फिसलन है। जब तक वह भी साफ नहीं होगी, तब तक वाहनों को आराम से चलाना होगा। सरूड़ी ने यह भी कहा कि उन्होंने इस मार्ग को खोलने के लिए अपने कार्यकाल में काफी प्रयास किया था।
सिंहपुरा-वायलू टनल बनाने के लिए काफी प्रयास किए। परंतु अभी तक उस पर कुछ नहीं हुआ। हालांकि किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग जो कि सिनथन टॉप से होकर जाता है, उस पर सर्दियों के मौसम में भारी बर्फबारी होने से करीब 4-5 माह तक मार्ग बंद रहता है। इसी लिए इस मार्ग को पूरे साल खुला रखने के लिए सिंहपुरा-वायलू टनल बहुत ही जरूरी है।