इटावा। सर्दी का असर बढ़ते ही बच्चों को निमोनिया और कोल्ड डायरिया जकड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 400 बच्चों को उपचार दिया जा रहा है। इनमें 20-25 बच्चे निमोनिया और कोल्ड डायरिया से पीड़ित मिल रहे हैं।
गंभीर हालत वाले 10 बच्चों को वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। रविवार की एक दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को डॉ. बीआर आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों की सुबह से ही लाइन लग गई। दोपहर एक बजे तक 1243 मरीजों ने पंजीकरण करवाया। बाल रोग विभाग में रोज औसतन 20 से 25 बच्चे निमोनिया और कोल्ड डायरिया से पीड़ित चिह्नित किए जा रहे हैं।
गंभीर स्थिति वाले बच्चों को डॉक्टर बच्चा वार्ड में भर्ती करा रहे हैं। बाल रोग विशेष डॉ. रंजीत कुमार ने बताया कि सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही बच्चे बीमार पड़ने लगे हैं। नवजात शिशु से लेकर 10 साल तक के बच्चे सर्दी की चपेट में आ रहे हैं।
अधिकांश बच्चों को कोल्ड डायरिया की समस्या हो रही है। परिजन को सलाह दी जा रही है कि बच्चों को ठंड से बचाकर रखें। बच्चा वार्ड में निमोनिया पीड़ित बच्चों को भाप दी जा रही है।