नारनौल। महेंद्रगढ़ पुलिस ने 1 अप्रैल से अब तक जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदातों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए अवैध नशीले पदार्थ, अवैध शराब, अवैध हथियार, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बहुचर्चित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मामले में घर में घुसकर वारदात को अंजाम देने वाले पारदी गैंग के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया।
एनडीपीएस अधिनियम के तहत पुलिस ने 24 मामलों में 49 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 किलो 294 ग्राम गांजा, 9 ग्राम 840 मिलीग्राम स्मैक, 115 किलो 140 ग्राम चूरापोस्त, 67 ग्राम अफीम, 184 ग्राम 110 मिलीग्राम हेरोइन और 2436 नशीले कैप्सूल बरामद किए।
आबकारी अधिनियम के तहत 23 मामलों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1124 बोतल अवैध शराब, 174 बोतल अंग्रेजी शराब, 68 बोतल बीयर, 8 लीटर कच्ची शराब और 30 लीटर लाहन बरामद किया गया। शस्त्र अधिनियम के तहत 10 मामलों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चार देसी कट्टे, छह देसी पिस्टल, 16 कारतूस, एक तलवार और एक जेली बरामद की गई। वहीं जुआ अधिनियम के तहत सात मामलों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर 63,790 रुपये की जुआ राशि बरामद की गई।