गांव जामनी में वीरवार दोपहर को लेंटर टूटकर ताश खेल रहे चार लोगों पर गिर गया। लेंटर के मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया। यहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया।
गांव जामनी में रोशन के मकान के बाहर बने चबूतरे पर बैठकर राजा (51), सतपाल (38), देवीलाल (25), वजीर (35) वीरवार को ताश खेल रहे थे। साथ ही, आधा दर्जन से ज्यादा लोग उनके पास बैठे थे। इसी दौरान मकान के बाहर बनाए गए छज्जे का लेंटर उन पर गिर गया। इसमें ताश खेल रहे देवीलाल, वजीर, सतपाल, राज, वजीर छत के मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने मलबे के नीचे दबे लोगों को तुरंत बाहर निकाला और अपने वाहन से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में ले गए। चिकित्सकों ने देवीलाल व राज को मृत घोषित कर दिया। जबकि सतपाल, वजीर की गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उनको शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। हादसे की सूचना मिलते ही पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी बलवान सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में शवगृह में रखवा दिया।
डेढ़ वर्ष पहले ही बनाया था मकान
ग्रामीणों ने बताया कि जिस मकान के चबूतरे पर ताश खेले जा रहे थे वह मकान ज्यादा पुराना नहीं था। रोशन ने लगभग डेढ़ साल पहले ही मकान का निर्माण किया था और चबूतरे के ऊपर से छज्जा बनाया हुआ था। वीरवार को अचानक छज्जे का लेंटर गिर गया। इसमें दो की मौत हो गई। हादसा होते ही गांव में मातम पसर गया।
जामनी गांव में लेंटर टूटने से हादसा हुआ है। जिस समय लेंटर गिरा उस समय मृतक वहां पर ताश खेल रहे थे। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
बलवान सिंह, एसएचओ, पिल्लूखेड़ा थाना