संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। शहर में बहादुरगढ़ मेट्रो सिटी स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर ढाई बजे दिल्ली के नीलवाल गांव निवासी विकास (26) ने मेट्रो ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। घटना के बाद मेट्रो स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और काफी संख्या में यात्री इकट्ठा हो गए। ट्रेन सेवा भी कुछ समय के लिए बाधित रही। बाद में ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
सूचना मिलते थाना शहर पुलिस पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया दिया है। वहीं डीएमआरसी और सीआरपीएफ के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। देर शाम तक युवक के परिजन बहादुरगढ़ नहीं पहुंचे थे।
युवक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया अभी पता नहीं चल पाया लेकिन पुलिस को उसके पास से मिले बैग में डिप्रेशन की गोलियां मिली हैं। पुलिस मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जिससे यह पता चल सके कि युवक स्टेशन पर कितने बजे पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, दोपहर ढाई बजे दिल्ली की ओर जाने वाली मेट्रो ट्रेन बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन के नजदीक पहुंची तो एक युवक अचानक ट्रैक पर कूद गया। ट्रेन ड्राइवर ने आपात ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
युवक ने सौलधा गांव स्थित एक शिक्षण संस्थान से बीटेक सिविल की पढ़ाई की है। युवक की मां मायके रोहतक के गांव भालौठ में रहती है। मृतक की मां को सूचित किया गया है।
पुलिस को जांच के दौरान युवक के पास से मिले में बैग में कुछ किताबें व रजिस्टर हैं। युवक का फोन भी बैग में था लेकिन वह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने उक्त फोन से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में डाला तो युवक की मां का फोन आ गया। तब युवक की पहचान विकास के रूप में हुई। युवक अपनी मां के साथ ही भालौठ गांव में रहता था।