चंडीगढ़। इस बार चंडीगढ़ कार्निवल आपको सपनों की दुनिया की सैर कराएगा। कार्निवाल के मुख्य द्वार डिज्नी लैंड के गेट से आप जैसे ही प्रवेश करेंगे आपका स्वागत करने के लिए चारों ओर आपके फेवरेट कार्टून करेक्टर होंगे। यहां आपको मिक्की माउस से लेकर डोरेमोन तक करीब 70 कार्टून करेक्टर दिखेंगे। बच्चों के लिए यह कार्निवल का सबसे बड़ा आकर्षण होगा।
होंगे कई नए रंग
शुक्रवार से सजने वाली सपनों की इस नगरी में इस बार 7 फिट तक लंबे कार्टून करेक्टरों के अलावा 25 फ्लोट्स भी होगें, जिन पर सवारी का भी आनंद लिया जा सकेगा। इसके अलावा देसी-विदेशी कलाकार अपने लोकनृत्य और संस्कृति से दर्शकों को रूबरू करवाएंगे। चंडीगढ़ टूरिज्म विभाग की ओर से आयोजित इस कार्र्निवल में अमर उजाला मीडिया पार्टनर है। इसका आगाज 23 नवंबर से लेजर वली सेक्टर-10 में होने जा रहा है। कार्निवल के आयोजन की घोषणा बुधवार को सेक्टर-10 के सिटको कैफे में टूरिज्म सेक्रेटरी डीके तिवारी, डायरेक्टर तन्वी गर्ग और जीएम एके मल्हौत्रा ने पत्रकारों को दी।
40 स्टाल लगेंगे
कार्निवल में इस बार 40 स्टाल लगेंगे। इनमें टैटू मैकिंग से लेकर शहर के सहित्य एवं ललित कलाओं को लेकर हो रहे काम की जानकारी आपको मिलेगी। जिनके स्टाल लगेंगे उनमें चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी, चंडीगढ़ साहित्य अकादमी, चंडीगढ़ ललित कला अकादमी, बिटिश लाइब्रेरी और कई कालेज शामिल हैं। इसके अलावा सिटको का वेहड़ा में आपको पंजाबी व्यंजन के अलावा कई तरह के लजीज डिश मिलेंगी।
सतिंदर सरताज की प्रस्तुति 24 को
कार्निवल में शाम को म्यूजिक और डांस की प्रस्तुति होगी। पहले दिन 23 नवंबर को सिक्कम के कलाकार प्रस्तुति देंगे तो 24 नवंबर को मशहूर पंजाबी गायक सतिंदर सरताज अपने गीतों से समां बांधेंगे। 25 नवंबर को पोलैंड के 24 डांसर्स की टीम और गायिका अलका यागनिक दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
कल सुबह 11 बजे निकलेगी झांकी
कार्निवल का आगाज हमेशा की तरह इस बार भी खूबसूरत झाकियों के साथ होगा। 23 नवंबर को लैजर वली से सुबह 11 बजे झांकियां निकाली जाएंगी। इस रैली में सरकारी और निजी स्कूलों के 600 बच्चे और कालेजों के छात्र हिस्सा लेंगे।