फोटो-51: बहादुरगढ़ के बार रूम में मतदान के लिए लाइन में लगे अधिवक्ता। संवाद
- फोटो : Samvad
बहादुरगढ़। अदालत परिसर में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की बार काउंसिल के सदस्यों के चुनाव के लिए बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह से ही अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और दिनभर वकीलों की आवाजाही बनी रही। बहादुरगढ़ में कुल 703 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 541 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतों की गणना चंडीगढ़ में होगी।
निर्वाचन अधिकारी तहसीलदार सुदेश ने बताया कि इस चुनाव में बार काउंसिल का सदस्य बनने के लिए 157 उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि कुल 25 सदस्यों का चयन किया जाना है। मतदान शाम 5 बजे तक चला। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में दिनभर उत्साह और सक्रियता देखने को मिली। वरिष्ठ वकीलों से लेकर युवा अधिवक्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, जिससे पूरी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हुई।