45 साल के हेड कांस्टेबलों को जल्द ही विशेष श्रेणी के दारोगा पद पर प्रमोशन मिल जाएगा। सूबे में फिलहाल करीब 700 हेड कांस्टेबल दारोगा का वेतनमान पा रहे हैं। इस लिहाज से सरकार पर उनकी प्रोन्नति से आर्थिक बोझ नहीं बढे़गा। पहले चरण में 350 हेड कांस्टेबलों को दारोगा बनाने का प्लान है।
गृह मंत्री प्रीतम सिंह ने सोमवार को पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिस से जुडे़ मुद्दों को सुलझाने की पहल की है। बैठक में ही 45 बरस के हेड कांस्टेबल को प्रमोशन देकर विशेष श्रेणी का दारोगा बनाने पर मुहर लगाई गई। इसके अलावा पुलिस विभाग में वाहन चालकों के रिक्त 250 पदों के सापेक्ष 100 पदों पर भर्ती का फैसला हुआ।
जल्द पूरी होगी प्रक्रिया
अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन राम सिंह मीणा ने बताया कि सरकार ने फिलहाल 50 प्रतिशत हेड कांस्टेबलों को सेवा पंजिका के आधार पर विशेष श्रेणी का दारोगा बनाए जाने की सहमति दी है। जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
टिहरी झील के नाम पर थाना
पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने टिहरी झील के नाम से नया थाना खोलने का प्रस्ताव शासन को भेेजा है। एडीजी ने बताया कि शासन ने थाना खोलने को मौखिक रूप से सहमति दे दी है। जल्द ही इस संबंध में आदेश निर्गत होने की उम्मीद है।