इटावा। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट विनीता विमल ने डेढ़ साल पुराने पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म के मामले में सुनवाई करते हुए दोषी सुरेश को 20 साल की सजा सुनाई। कोर्ट ने उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। दोषी ने बकरी चराने गई किशोरी के साथ खेत पर दुष्कर्म किया था। जुर्माना अदा न करने पर उसे चार माह का अतिरिक्त सजा काटनी होगी।
चकरनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 12 वर्ष की किशोरी दो मार्च 2024 की दोपहर अपने घर से बकरी चराने के लिए खेतों पर गई थी। आरोप था कि तभी रुझिया गांव के सुरेश ने उसे रुपयों का लालच देकर अपने पास बुलाया और खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया।
घर में पिता न होने की वजह से किशोरी किसी से कुछ कह नहीं सकी। चार दिन बाद घर लौटे पिता को बेटी ने पूरा घटनाक्रम बताया। इस पर पिता उसे लेकर थाने गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। छानबीन के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म की धाराओं में सुरेश दोहरे के खिलाफ आरोप पत्र कोर्ट में पेश किए।
सुनवाई विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट की कोर्ट में हुई। गवाहों के आधार पर कोर्ट ने सुरेश दोहरे को दोषी पाया और उसे सजा सुनाई।