झज्जर। आंधी ने सोमवार रात को बिजली व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। आंधी इतनी तेज थी कि जिले में बिजली के 18 खंभे टूट गए और एक ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया। इससे जिले भर के कई क्षेत्रों में करीब तीन घंटे बिजली गुल रही। इससे इनवर्टर भी जवाब दे गए।
सोमवार रात आठ बजे आंधी शुरू हुई थी, जो रात करीब 11 बजे तक चलती रही। इसके बाद रात करीब दो बजे भी तेज आंधी आई। बिजली निगम की बेरी डिविजन में इस आंधी का व्यापक असर रहा। वहां पर 10 खंभे गिर गए। इनमें 9 मीटर के छह और 11 मीटर के चार खंभे शामिल हैं। इसके अलावा 25 केवी का एक ट्रांसफार्मर भी गिर गया। आंधी में झज्जर में पांच और बहादुरगढ़ में तीन खंभे टूट गए।
रात को आंधी रुकते ही बिजली निगम की टीम एक्टिव हो गई थी। टीमों को मरम्मत कार्य करने में करीब तीन घंटे लगे। करीब तीन बजे तक बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया था लेकिन आंधी के कारण कई जगह छोटे-मोटे फाल्ट आ गए थे जिनको रात में ही ठीक नहीं किया जा सका। इसलिए उनसे प्रभावित लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंसेट
खुले में सोने वालों की मच्छरों ने उड़ाई नींद
जिन लोगों के इन्वर्टर जवाब दे गए थे, उन्होंने गर्मी से बचने के लिए छत पर या खुले में सोने का फैसला किया। वहां मच्छरों ने उनको सोने नहीं दिया। कपड़ा ओढ़ने पर गर्मी लगती और हटाते ही मच्छर हमला शुरू कर देते।
वर्जन
आंधी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी लेकिन निगम की टीम मरम्मत कार्य में जुट गई थी। करीब तीन घंटे में ही बिजली आपूर्ति को सामान्य कर दिया गया था। अब भी जहां से शिकायत मिल रही हैं, उन पर काम किया जा रहा है।-प्रदीप कुमार, एक्सईएन, बिजली निगम