बलरामपुर जिले के ग्राम लिलौटी में मंगलवार की रात जादू-टोना करने के शक पर दो लोगों ने मिलकर अधेड़ महिला की डंडा मारकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। दोनों ने महिला को घर से बुलाकर उसके साथ शराब भी पी थी। महिला का शव बुधवार को गांव के बाहर मिला था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद गांव के दोनों को गिरफ्तार कर उन्हें शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
बलरामपुर जिला अंतर्गत पस्ता थाना के प्रभारी राजकुमार कश्यप ने बताया कि ग्राम लिलौटी निवासी रामसाय कोड़ाकू (60) ने 26 अक्तूबर को डौरा चौकी पहुंच रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी सुचानी (58) वर्ष को 25 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे अज्ञात लोग घर से बुलाकर ले गए थे। वह रातभर वापस नहीं लौटी। 26 अक्टूबर की सुबह उसका शव गांव के बाहर झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला है। पुलिस ने शव का पीएम कराया। प्राथमिक पीएम रिपोर्ट में सिर में भारी चीज से वार कर हत्या की बात सामने आई। पुलिस ने धारा 302, 201 का अपराध दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू की।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गांव के ही रामकुमार ने पूर्व में मृतका सुचानी पर जादू-टोना करने को लेकर मारपीट की थी। पुलिस ने राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने एक अन्य साथी रामसाय उर्फ पटेल कोड़ाकू के साथ मिलकर योजना सुचानी की हत्या कर दी थी।
आरोपी रामसाय उर्फ पटेल व रामकुमार ने मृतका सुचानी को घर से बुलाया और एक साथ बैठकर शराब पी। वहां से रामसाय अपनी पत्नी को लेकर घर चला गया। राजकुमार व सुचानी एक दूसरी जगह शराब पीने के लिए जा रहे थे। रास्ते में राजकुमार का सुचानी से विवाद हुआ। राजकुमार ने सुचानी के सिर पर लाठी से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। राजकुमार को शक था कि उसकी पत्नी पर सुचानी जादू-टोना करती है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।