कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में आगामी चुनाव के लिए 30 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सीएम भूपेश बघेल पाटन से, डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव अंबिकापुर से चुनाव लड़ेंगे। सीएम बघेल ने पहले ही कहा था कि नवरात्रि के पहले दिन रविवार को पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करेगी।
3 एससी, 14 एसटी, 1 अल्पसंख्यक वर्ग से टिकट
कांग्रेस की पहली सूची में 3 अनुसूचित जाति से, 14 अनुसूचित जनजाति वर्ग से उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है। वहीं एक अल्पसंख्यक वर्ग के नेता मोहम्मद अकबर को टिकट दिया गया है।
बस्तर सांसद को भी उतारा चुनावी मैदान में
कांग्रेस ने बस्तर सांसद को भी चुनावी मैदान में उतारा है। बस्तर सांसद दीपक बैज को चित्रकोट सीट से मौका दिया गया है। यहां से राजमन बेंजाम का टिकट काटा गया है, वह चित्रकोट उपचुनाव 2019 जीते थे।
साहू समाज से तीन नेताओं को मौका
कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट में 3 साहू समाज के नेताओं को टिकट दिया है। इसमें दुर्ग ग्रामीण से गृहमंत्री ताम्रध्यक्ष साहू, डोंगरगढ़ से बालेश्वर साहू और खुज्जी से भोलाराम साहू को मौका दिया गया है। पिछली बार भोलाराम साहू का टिकट कटा था। और संदीप साहू को टिकट मिला था। इस बार संदीप साहू का टिकट काटकर भोलाराम साहू को दोबारा मौका दिया गया है
कर्मा परिवार
कर्मा परिवार से देवती कर्मा के बेटे छविंद्र कर्मा को मौका दिया गया है। देवती कर्मा का टिकट काटकर उनके बेटे छविंद्र कर्मा को टिकट दिया गया है। हालांकि उनके परिवार में ही टिकट मिला है।
रुद्र कुमार ने 3 बार बदली सीट
मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने तीन बार सीट बदली है। गुरु रुद्र कुमार को पहले पहली बार रायपुर जिले के आरंग से, दूसरी बार दुर्ग जिले के अहिवारा और अब बेमेतरा जिले के नवागढ़ से चुनाव रण में उतरेंगे।