फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

नक्सली हमला: 9 कांग्रेसी नेता समेत 17 लोगों की हत्या

Sun, 26 May 2013 02:10 AM IST
रायपुर/एजेंसी
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक बड़े हमले को अंजाम देते हुए नक्सलियों ने शनिवार को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के दौरान पार्टी के काफिले पर जमकर कहर बरपाया।


नक्सलियों ने सलवा जुडूम अभियान चलाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा समेत 17 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। इनमें 9 कांग्रेसी नेता शामिल हैं।

विद्याचरण शुक्ल को गोली लगी
गोलीबारी में पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल समेत करीब 20 लोग घायल हो गए। शुक्ल को चार गोलियां लगी हैं, उनकी हालत गंभीर है।

सैकड़ों की संख्या में आए नक्सली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल और उनके बेटे दिनेश पटेल को अगवा कर अपने साथ ले गए। कई अन्य कांग्रेसी नेता भी लापता हैं। देर रात दिनेश पटेल को रिहा किए जाने की खबर है।


राहुल गांधी रायपुर रवाना
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने घटना की तीखी आलोचना की है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी देर रात रायपुर रवाना हो गए। रविवार को मनमोहन और सोनिया भी रायपुर पहुंच सकते हैं।

नक्सलियों ने शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे रायपुर से 340 किमी दूर दरबा घाटी के घने जंगल वाले इलाके में इस हमले को अंजाम दिया। तब कांग्रेसियों का काफिला सुकमा में परिवर्तन रैली के बाद लौट रहा था।

अंधाधुंध गोलीबारी की
नक्सलियों ने काफिले को रोकने के लिए पहले ब्लास्ट किया और घेराबंदी कर दो घंटे तक अंधाधुंध गोलीबारी की। इसमें महेंद्र कर्मा और पूर्व विधायक उदय मुदलियार की मौके पर ही मौत हो गई।

किसी राजनीतिक दल पर नक्सलियों का यह अब तक का सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है। गृह मंत्रालय ने हमले में 17 लोगों की मौत की पुष्टि की। मारे गए लोगों में कांग्रेस नेताओं के चार-पांच सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस देर रात तक मौके पर नहीं पहुंच सकी थी।

अजीत जोगी भाग्यशाली रहे
हमले में पूर्व कांग्रेस विधायक फूलो देवी नेताम भी घायल हुई हैं। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजीत जोगी भाग्यशाली रहे, वे परिवर्तन रैली के बाद सड़क से जा रहे काफिले में न शामिल होकर हेलीकॉप्टर से लौट गए।

छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री महेंद्र कर्मा राज्य में विपक्ष के नेता भी रह चुके थे। कर्मा तभी से नक्सलियों के निशाने पर थे, जब से उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ सलवा जुडूम की बस्तर जिले में शुरुआत की थी।

हालांकि बाद में यह अभियान बंद कर दिया गया। नक्सलियों ने नेताओं के सुरक्षाकर्मियों की गोलियां खत्म होने का इंतजार किया।

महेंद्र कर्मा की बेरहमी से हत्या
उसके बाद नेताओं को सरेंडर कराया और तब कर्मा की पहचान करने के बाद उनकी बेरहमी से हत्या की। कर्मा को 100-150 नक्सलियों ने घेर लिया और उन्हें भून डाला।

नक्सली आधुनिक हथियारों के साथ ही धनुष तीर से भी लैस थे। हमले के बाद वे सुरक्षाकर्मियों के हथियार भी ले गए। उन्होंने जगह-जगह पेड़ काटकर रास्ता भी रोक दिया था। हमले के बाद उन्होंने वहां कई पेड़ों में आग लगा दी।

राज्य के कांग्रेस नेताओं ने 12 अप्रैल को परिवर्तन यात्रा शुरू की थी, जो साल के अंत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों तक जारी रहनी है।

रमन सिंह से पीएम ने बात की
हमले के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह से बात की। उन्होंने हालात की ताजा जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री से जरूरत पड़ने पर और केंद्रीय सुरक्षा बल मुहैया कराने को कहा।

रमन सिंह ने हमले की तीखी निंदा की है। उन्होंने अपनी विकास यात्रा भी रद्द कर दी है। मालूम हो कि  जुलाई 2011 में छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में नक्सलियों के हमले में तीन कांग्रेस नेता मारे गए थे।

कहीं बदला तो नहीं लिया
सीआरपीएफ ने बीजापुर में 8 लोगों को मारा था, इस हमले के विरोध में नक्सलियों ने 26 को बंद का आह्वान किया था। उन्होंने पोस्टर बैनर लगाए थे।

कई जगह भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े
नक्सली हमले के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को छत्तीसगढ़ में बंद का ऐलान किया है। बताया जा रहा है हमले के बाद कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता कई जगह आपस में भिड़ गए।

सदमे में सोनिया
कांग्रेस नेताओं पर नक्सली हमले से पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी सदमे में दिखीं। देर रात उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं अपने साथियों पर हमले से बेहद आहत हूं।

घटना को लेकर प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद सोनिया ने कहा कि जो आम लोग राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े थे, नक्सलियों ने उन्हें भी बेरहमी से मार डाला। उन्होंने अगवा किए गए नंद कुमार पटेल और घायल विद्याचरण शुक्ल को लेकर भी चिंता जाहिर की।

600 सीआरपीएफ जवान अभियान में जुटे
नक्सली हमले के बाद इलाके में कांबिंग के लिए सीआरपीएफ के 600 जवान और कोबरा कमांडो घटना स्थल पर रवाना किए गए हैं। बस्तर इलाके में सीआरपीएफ से हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

न्यायिक जांच के आदेश
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने दरभा घाटी में हुए नक्सली हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। देर रात पत्रकार वार्ता में उन्होंने हमले की न्यायिक जांच के आदेश दिए।

उन्होंने बर्बर हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि मृतकों का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यही नहीं उन्होंने नक्सलियों के कब्जे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार पटेल और उनके बेटे की रिहाई के लिए आंध्र प्रदेश सरकार से मदद मांगने की भी बात कही है।

उदय मुदलियार
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में उदय मुदलियार की गिनती पार्टी के दिग्गज नेताओं में की जाती है। उदय मुख्यमंत्री रमन सिंह के विधानसभा क्षेत्र राजनांद गांव सीट से दो बार विधायक रहे चुके हैं। 2008 के विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री रमनसिंह ने ही इन्हें हराया था।

छात्र आंदोलन से राजनीति में प्रवेश करने वाले उदय मुदलियार की छवि कांग्रेस के प्रखर राजनीतिक नेताओं में से एक थी। वर्तमान मुख्यमंत्री रमन सिंह के चुनावी क्षेत्र राजनांदगांव से राजनीति करने वाले उदय मुदलियार ने 1998 और वर्ष 2003 में विधानसभा का चुनाव जीता। 2008 में वे रमन सिंह से चुनाव हार गए थे।

युवक कांग्रेस की राजनीति से कांग्रेस की मुख्यधारा में आए उदय मुदलियार की छवि एक जुझारू युवा नेता की रही है। 1956 में जन्में उदय मुदलियार को आगामी नवंबर में होने वाले चुनाव में मुख्यमंत्री के खिलाफ एक सशक्त उम्मीदवार माना जा रहा था।

कवासी लकमा
कवासी लकमा बस्तर से एकमात्र कांग्रेस विधायक हैं। लकमा बस्तर की कोंटा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। लकमा तीन बार विधायक रह चुके हैं।

नंद कुमार पटेल
नंद कुमार पटेल वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। इससे पहले वह छत्तीसगढ़ में बनी पहली कांग्रेस सरकार में गृह मंत्री रह चुके हैं।

पटेल कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के बेहद करीबी माने जाते हैं। पार्टी 2013 का आगामी विधानसभा चुनाव इन्हीं के नेतृत्व में लड़ने जा रही है। पटेल अविभाजित मध्य प्रदेश में भी मंत्री रह चुके हैं।
विज्ञापन

और पढ़ें...
Next
AU ऐप में पढ़ें