कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पांचवीं बार आज 4 अक्टबूर को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इस दौरान रायगढ़ जिले के कोड़ातराई में होने वाले भरोसे का सम्मलेन में शिरकत करेंगे। रायगढ़वासियों को कई विकास कार्यों की सौगात देंगे। वहीं चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव समेत पार्टी के सीनियर नेता मौजूद रहेंगे।
बिलासपुर संभाग का राजनीतिक समीकरण
प्रदेश का सबसे बड़ा संभाग बिलासपुर है। 8 जिलों के संभाग में यहां छत्तीसगढ़ की सबसे ज्यादा 24 विधानसभा सीटें और 4 लोकसभा सीटें हैं। 24 विधानसभा सीटों में से 14 सीट पर कांग्रेस, 7 पर बीजेपी, 2 पर बसपा और 1 पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-जे (जेसीसीजे) का कब्जा है। प्रदेश के 11 लोकसभा सीट में से 4 लोकसभा सीट अकेले बिलासपुर संभाग में ही हैं। इसमें 3 पर बीजेपी और 1 पर कांग्रेस काबिज है। ऐसे में कांग्रेस विधानसभा के साथ ही लोकसभा चुनाव पर भी फोकस की हुई है।
बिलासपुर संभाग में इन दिग्गज नेताओं का हो चुका है दौरा
बिलासपुर संभाग के बिलासपुर के सीपत रोड स्थित साइंस कॉलज ग्राउंड में 30 सितंबर पीएम मोदी की चुनावी सभा हुई थी। पीएम नरेंद्र मोदी 14 सितंबर को स्टील नगरी रायगढ़ के कोड़ातराई में बड़ी चुनावी सभा कर लोगों से कांग्रेस सरकार को सत्ता से बेदखल करने की अपील कर चुके हैं। वहीं 13 अगस्त को इसी संभाग के जांजगीर-चांपा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, 25 सितंबर को बिलासपुर में राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान चुनावी सभा कर चुके हैं। इसलिए ये माना जा रहा है कि बिलासपुर संभाग के 24 सीटों पर सभी राजनीतिक दलों की पैनी नजर है।