प्रेस वार्ता करती महासमुंद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना पुलिस ने एक बार फिर सोने के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की है। एक लग्जरी कार से तीन किलो 126 ग्राम सोने के बिस्कुट के साथ एक संदेही को पुलिस ने पकड़ा है। जब्त सोने में दो अलग-अलग पैकेट में 11 नग सोने के बिस्कुट, तीन नग सोने की पट्टी और पांच नग सोने की छोटी पट्टी है।
जब्त सोने की कीमत दो करोड़ छह लाख चार सौ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा सोने के अवैध परिवहन में प्रयुक्त एक लग्जरी कार भी पुलिस ने जब्त की है। मुखबीर की सूचना पर साइबर सेल और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम अन्तर्राज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल पर पहुंची थी।
तभी ओडिशा की तरफ से आ रहे सफेद रंग के संदिग्ध वाहन को पुलिस ने रोका। जब पुलिस ने वाहन रोककर पूछताछ की तो मामला सामने आया। पूछताछ में संदेही ने बताया कि वो सोना खड़गपुर पश्चिम बंगाल से नादेड़ महाराष्ट्र लेकर जा रहा था।
इस काम के लिए वाहन में चेंबर बना कर सोना छुपाया गया था और छोटे-छोटे ज्वेलरी व्यवसायियों को बेचने का काम करता है। बहरहाल मामले में पुलिस ने धारा 102 जा.फौ. के तहत कार्रवाई करते हुए मामले को केंद्रीय जांच एजेंसी डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) को सौंपेगी। बता दें कि महासमुंद पुलिस ने सोने की तस्करी के मामलों पर एक सप्ताह में यह दूसरी कार्रवाई है।