विजय शर्मा ने अर्पित की श्रद्धांजलि
- फोटो : अमर उजाला
आज रविवार को स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा कबीरधाम जिले के दौरे पर है। उन्होंने स्व.गायत्री कौशिक के परिजनों से मुलाकात की है। साथ ही श्रद्धांजलि अर्पित की है। दरअसल, 13 अगस्त को गायत्री स्कूल की छुट्टी होने पर सहेलियों के साथ अपने घर जा रही थी। तभी रास्ते में आरोपी विक्की कौशिक उर्फ जग्गू पिता जागेश्वर कौशिक उम्र 19 वर्ष निवासी बम्हनी द्वारा मृतिका को झिटी (पतली दुबली लड़की) बोला।
इस पर मृतिका ने आरोपी को ऐसा बोलने से मना की। इसके बाद आरोपी विक्की कौशिक ने लकड़ी के डंडे से मृतिका के सिर पर वार कर दिया, जिससे मृतिका घायल हो गई। परिजनों ने इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रकरण में आरोपी को उसी रात को गिरफ्तार किया गया। पुलिस चौकी बाजार चारभाटा थाना कवर्धा में धारा 103(1) बीएनएस हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को जेल भेज दिया है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ग्राम बम्हनी पहुंचकर स्व.गायत्री कौशिक की निधन पर अपनी संवेदना प्रकट की। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। परिजन से घटना के संबंध में जानकारी ली।
क्षेत्र के लोगों से की मुलाकात
कबीरधाम प्रवास के दौरान कवर्धा के सर्किट हाउस में क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की। विभिन्न समस्या व मांग को सुना। उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। डिप्टी सीएम श्री शर्मा ने कहा कि जनता की समस्या का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। वे हर संभव प्रयास करेंगे कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। क्षेत्र के विकास और जनता की भलाई के लिए वे हर समय उपलब्ध रहेंगे। इसी प्रकार डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने क्रिकेट खिलाड़ियों से मुलाकात किया।