इतवारी कोसले ने मूंछों पर ताव देकर कहा जरूर करें मतदान
- फोटो : अमर उजाला
रायपुर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में लगातार मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले में मतदाताओं को जागरूक करने बाइक रैली, नुकड़ नाटक, रंगोली प्रतियोगिता जैसे कई कार्यक्रम कर जागरूक किया जा रहा है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में कम मतदान प्रतिशत वाले दूरस्थ अंचल के मतदान केंद्रों को चिन्हित कर स्वीप टीम की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी बीच रायपुर जिले के ग्राम लांजा और खोरसी में सघन जागरूकता अभियान चलाया गया। वहां स्वीप टीम पहुंचकर मतदाता जागरूकता गीतों के साथ-साथ नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शत् प्रतिशत मतदान का संदेश देते हुए प्रलोभन फ्री मतदान की शपथ करवाई। वहीं ग्राम लांजा निवासी 86 साल के इतवारी कोसले ने अपनी लंबी मूंछों पर ताव देते हुए कहा कि अवश्य करेंगे मतदान, बढ़ायेंगे लोकतंत्र की शान। इतवारी कोसले ने लोगों से अपील की है कि चुनाव के दौरान शत-प्रतिशत मतदान करें और लोकतंत्र की मान बढ़ाएं।
स्वीप टीम ग्राम खोरसी और लांजा के सरपंच, ग्राम सचिव और बीएलओ, पटवारी और ग्रामीणों से विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत कम होने कारणों पर विस्तार से चर्चा करते हुए मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के दिशा पर पहल किया। मतदाता जागरूकता अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्व-सहायता महिला समूह की महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता रही।