जीरकपुर निवासी रेखा त्रिवेदी दिव्यांग खिलाड़ियों की भलाई के लिए काम करती हैं। रेखा बताती हैं कि चंडीगढ़ सेक्टर-23 के मदर टेरेसा केंद्र में कुछ दिव्यांग बच्चे एक दीवार पर विकेट बनाकर क्रिकेट खेल रहे थे। व्हीलचेयर पर बैठे बच्चे बल्ले को पूरी जोर से घुमा रहे थे, वहीं कुछ बच्चे तो ठीक से चल नहीं पा रहे थे तो घसीटकर ही बॉल पकड़ने के लिए दौड़ रहे थे। इन बच्चों का जज्बा देखकर उनसे बात की तो पता चला कि उन्हें क्रिकेट का शौक तो बहुत है, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं है।
रेखा ने बताया कि टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए देशभर से बच्चे बस और ट्रेन से किसी तरह आए थे। इसी दौरान हमारी गाड़ी देखकर लखनऊ से आया एक दिव्यांग खिलाड़ी सोमजीत गौड़ आया और कहा कि इतनी मदद हमारी कोई कर दे तो वर्ल्ड कप जीत लें। उसने रेखा त्रिवेदी से मदद करने का आग्रह किया। सोमजीत ने बताया कि उसके पास दिव्यांगों की काफी अच्छी टीम है। इन खिलाड़ियों से दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा की टीम बना देंगे। इसके बाद रेखा लखनऊ जाकर खिलाड़ियों से मिली और यहीं से दिव्यांगों के खेल की पटकथा लिखी गई और देश का पहला आठ सदस्यीय व्हील चेयर क्रिकेट एसोसिएशन बना।
रेखा ने बताया कि लखनऊ से शुरू हुआ सिलसिला चंडीगढ़ में तेजी से बढ़ा। पंजाब यूनिवर्सिटी में वर्ष 2017 में देश का पहला व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट हुआ। इसमें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी की टीमें शामिल हुईं। यह पहला टूर्नामेंट था जब राज्यों के नाम से टीमें आई थीं। इसके बाद 2018 में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में टूर्नामेंट, 2019 में चंडीगढ़ में चुनाव आयोग के साथ रात-दिन का दिव्यांग क्रिकेट मैच, इसी वर्ष मैसूर और हिमाचल में टूर्नामेंट, 2020 में बड़ौदा में बड़े स्तर का टूर्नामेंट हुआ। इसमें बड़ौदा के तत्कालीन विधानसभा स्पीकर राजेंद्र त्रिवेदी ने समर्थन दिया। वर्ष 2021 में गुजरात में फिर एक टूर्नामेंट हुआ यहां आठ टीमों के 250 खिलाड़ी पहुंचे।
रेखा त्रिवेदी ने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान एक दिन के लिए विशेष सत्र का आयोजन होता है। इसमें क्रिकेट में कैसे खेलना है, इस संबंध में भी पूरी जानकारी दी जाती है। इसके लिए एक बुकलेट भी तैयार की गई है। आज रेखा त्रिवेदी से 2500 दिव्यांग खिलाड़ी जुड़े हैं। उनके प्रयासों से उन्हें घाना से भी आमंत्रण मिला है।
अब कर्नाटक में अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट समिति को भी पंजीकृत करा दिया गया है। वर्तमान में जम्मू कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र का संगठन तैयार है। वहीं तमिलनाडु, तेलंगाना, मणिपुर, उड़ीसा और राजस्थान में संगठन की प्रक्रिया लगभग पूरी होने को है। रेखा त्रिवेदी का कहना है कि जल्द ही जिले स्तर पर भी टीमें तैयार करना शुरू करेंगे।