शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के कानूनी नोटिस के बाद सोशल मीडिया साइट एक्स ने एसजीपीसी के फर्जी/पैरोडी अकाउंट को बंद कर दिया है। शिरोमणि कमेटी के उप सचिव एवं प्रवक्ता हरजभन सिंह ने बताया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नाम से बने इस पैरोडी अकाउंट के जरिए एक्स पर सिख संगठन और सिख समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाई जा रही थी।
एसजीपीसी के कानूनी सलाहकार एडवोकेट अमनबीर सिंह सियाली के माध्यम से भेजे गए कानूनी नोटिस के बाद एक्स ने सोमवार को इस फर्जी खाते को बंद करने की जानकारी ईमेल से साझा की।
प्रवक्ता ने कहा कि हालांकि एसजीपीसी के नाम पर फर्जी/पैरोडी अकाउंट को एक्स ने बंद कर दिया है लेकिन इसे चलाने वाले शरारती तत्वों का पता लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। इस संबंध में एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देशानुसार कानूनी सलाहकार एडवोकेट अमनबीर सिंह सियाली आगे की कार्रवाई करेंगे।