ट्रिब्यून चौक पर क्लोवरलीफ फ्लाईओवर बनाने का प्रोजेक्ट अधर में लटक गया है। सड़क परिवहन, राज्यमार्ग एवं जहाजरानी मंत्रालय ने यूटी प्रशासन को दोबारा से फ्लाईओवर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर कॉल कराने को कहा है।
यूटी प्रशासन के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के मुताबिक फ्लाईओवर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने के लिए जो टेंडर कॉल किया गया था, टेंडर अलॉटमेंट का रेट अधिक था। जिसके चलते सड़क परिवहन एवं राज्यमार्ग मंत्रालय ने यूटी प्रशासन द्वारा टेंडर को खारिज कर दिया। यूटी प्रशासन को दोबारा से डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर कॉल करने को कहा है। अधिकारिक सूत्रों की मानें तो पहले जो टेंडर कॉल किया था, उस टेंडर में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने की मंजूरी मांगी गई थी। मिनिस्ट्री ने कम खर्च में फ्लाईओवर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराने के लिए कहा है।
इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के मुताबिक 300 करोड़ रुपये की लागत से ट्रिब्यून चौक पर क्लोवरलीफ फ्लाई ओवर तैयार किया जाएगा। यूटी प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग ने क्लोवरलीफ निर्माण का यह एस्टीमेट तैयार किया है। जल्द ही यह एस्टीमेट रिपोर्ट केंद्रीय सड़क परिवहन, राज्यमार्ग एवं जहाजरानी मंत्रालय को भेज दी जाएगी। इससे पहले डीपीआर तैयार कर मंत्रालय से मंजूरी लेनी होगी। राष्ट्रीय राज्यमार्ग होने के कारण इस पूरे प्रोजेक्ट का खर्च भी केंद्र सरकार ही वहन करेगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया से भी प्रोजेक्ट पर मंजूरी ली गई है।