सीएम मान ने 869 करोड़ की विकास परियोजनाओं का नींव पत्थर रखा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को संगरूर में 869 करोड़ की लागत की विकास परियोजनाओं का नींव पत्थर रखा। शनिवार को सुनाम के चीमां मंडी में पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीस बिस्तर की क्षमता वाले सरकारी अस्पताल का नींव पत्थर रखा। कौहरियां के सरकारी अस्पताल के नवीनीकरण का आगाज किया।
जेबी रिसोर्ट में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनाम की चीमां मंडी में अस्पताल बनाना उनके एजेंडे में था। कोहरियां और धूरी में भी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल बनेंगे। पंजाब के सभी सरकारी अस्पतालों में डाक्टर, मरीज को एक भी दवा बाहर से नहीं लिखेंगे। 829 आम आदमी क्लीनिक में एक करोड़ से ज्यादा मरीजों का इलाज हो चुका है। एसएसएफ योजना के तहत दुर्घटना के सात मिनट के भीतर टीम पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के 138 खूनी मोड़ दुरुस्त करेंगे। इसमें सुनाम चीमां सड़क का मोड़ भी शामिल है। अगले 6 महीने में पंजाब के लोगों की मजबूरी को मर्जी में बदल देंगे। लोग चाहें तो सरकारी या निजी अस्पताल में इलाज करवाएं। शिक्षा चाहें तो सरकारी या निजी स्कूल में हासिल करें। विश्व स्तरीय शिक्षा व सेहत प्रबंध किए जा रहे हैं।