कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिद्धू।
- फोटो : अमर उजाला
नई पार्टी के गठन का एलान करने पर नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भड़क उठे। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कैप्टन पर कई हमले कर डाले। ट्विटर पर उन्होंने कैप्टन को 856 वोट मिलने की भी खिल्ली उड़ाई। सिद्धू ने ट्वीट कर उन्हें भाजपा का वफादार सीएम करार दिया। कैप्टन ने भी पलटवार किया और कहा कि यह वोट तो उन्हें नाम वापसी के बाद मिले थे, सच में अगर चुनाव लडू़ंगा तो क्या होगा। उन्होंने सिद्धू को बेअक्ल बताया और कहा कि उन्हें राजनीतिक समझ ही नहीं है।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बुधवार को चंडीगढ़ में अपनी नई राजनीतिक पार्टी को लेकर पत्रकार वार्ता कर रहे थे। इसी बीच सिद्धू भी ट्विटर पर एक्टिव हो गए और उन्होंने कैप्टन पर कई ट्वीट कर डाले। सिद्धू ने हमले की शुरुआत में कैप्टन को नकारात्मक व्यक्ति बताया।
उन्होंने कहा कि मैंने सच कहा तो उन्होंने मेरे लिए दरवाजे बंद कर दिए। उन्होंने कैप्टन की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि पिछली बार उन्होंने पार्टी बनाई थी, तब वह अपनी जमानत भी जब्त करवा बैठे थे। उन्हें सिर्फ 856 वोट ही मिल पाए थे। कैप्टन ने भी सिद्धू पर हमला करते हुए कहा कि सिद्धू को कुछ पता नहीं है। वह सिर्फ बकवास करते रहते हैं।
सिद्धू के गुड गवर्नेंस के सवाल पर कैप्टन ने कहा कि मैं सिद्धू जैसे आदमी से यह उम्मीद नहीं करता हूं कि उन्हें गुड गवर्नेंस की जानकारी होगी। इसके बाद भी सिद्धू लगातार हमलावर रहे। उन्होंने ट्वीट कर सवाल पूछा कि उन्हें काम नहीं करने के कारण हटाया गया। अब वह पंजाब के सियासी इतिहास में चले हुए कारतूस के तौर पर ही याद रखे जाएंगे। सिद्धू ने सवाल किया कि तीन सदस्यीय कमेटी ने नहीं 78 विधायक कैप्टन के खिलाफ थे। उन्होंने हमले के दौरान बादलों और भाजपा के साथ 75-25 की डील का भी जिक्र किया।
मेरा काम आसान कर रहे हैं सिद्धू: कैप्टन
कैप्टन ने सिद्धू के हमलों का जवाब देते हुए कहा कि मैं दो बार लोकसभा और 5 बार विधानसभा चुनाव जीत चुका हूं। सिद्धू यदि मेरे अलावा अपने काम पर फोकस करें तो उन्हें कुछ फायदा होगा। सिद्धू कांग्रेस में उसे बर्बाद करने के लिए आए हैं, इससे उनका काम और आसान हो जाएगा।
परगट सिंह ने दी कैप्टन को चुनौती
सिद्धू को चुनाव हराने के कैप्टन के बयान पर परगट सिंह भड़क गए। उन्होंने कैप्टन को चुनौती दी कि वह उनके खिलाफ जालंधर कैंट से चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि मैं खिलाड़ी हूं और मुकाबले से पीछे नहीं हटूंगा। इससे पहले सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर भी कैप्टन को चुनाव लड़ने की चुनौती दे चुकी हैं।