चंडीगढ़। सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन की पार्किंग में खड़ी कैथल के गुहला से जजपा विधायक ईश्वर सिंह के बेटे हरियाणा डेयरी विकास संघ के चेयरमैन रणधीर सिंह की क्रेटा गाड़ी से चोरों ने मोबाइल, चेकबुक, तीन जोड़ी जूते, कपड़ा, पर्स समेत अन्य दस्तावेज चोरी कर लिया। आरोपियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब वह गार्डन में सैर करने आए थे। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रणधीर सिंह ने बताया कि वह वीरवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन में सैर करने के लिए आए थे। इस बीच उनकी गाड़ी का शीशा खुला रह गया था। सैर कर लौटे तो गाड़ी से उक्त सामान चोरी हुआ था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और वारदात स्थल व आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला।