डीएलएफ वाड्रा लैंड डील पर जस्टिस ढींगरा की रिपोर्ट
- फोटो : अमर उजाला
वाड्रा डीएलएफ लैंड डील को लेकर दी गई जस्टिस ढींगरा की रिपोर्ट के अध्ययन का जिम्मा तीन अधिकारियों को सौंपा गया है। हरियाणा सरकार ने इसकी अधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन अंदरखाते मुख्यमंत्री ने यह जिम्मेदारी प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, एडवोकेट जनरल बलदेव राज महाजन और एक अन्य अधिकारी को दी है। इसे स्टडी ग्रुप का नाम दिया गया है।
सीएमओ से जुड़े सूत्रों के मुताबिक मौखिक रूप से सीएम मनोहर लाल ने इन अधिकारियों को रिपोर्ट की स्टडी करने को कहा है। यह तय नहीं है कि यह अधिकारी कब तक अपनी रिपोर्ट देंगे। हरियाणा की पूर्व हुड्डा सरकार के कार्यकाल में आईएएस अशोक खेमका ने सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा तथा डीएलएफ के बीच हुए कथित जमीन घोटाले को सार्वजनिक किया था। सत्ता परिवर्तन के बाद चौतरफा घिरी हरियाणा सरकार ने वाड्रा-डीएलएफ लैंड डील की जांच के लिए जस्टिस एसएन ढींगरा की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन किया था।