देश के विभिन्न राज्यों के बाद अब बर्फ से लकदक लेह घाटी में भी कोरोना वायरस का खौफ पहुंच चुका है। लेह का स्थानीय प्रशासन जहां इस वायरस को लेकर खासा चिंतित हैं, वहीं लेह में तैनात सैन्य यूनिटों में भी कोरोना को लेकर एहतियातन अलर्ट किया गया है। अभी तक लेह में दो संदिग्ध सामने आ चुके हैं, जबकि एक संदिग्ध की मौत हो चुकी है। मरने वाला ये संदिग्ध मरीज पिछले दिनों फयांग मोनास्ट्री (बौद्ध मठ) से वापस लेह लौटा था।
लेह स्थित सोनम नुरबू हॉस्पिटल की ओर से चीफ मेडिकल अफसर लेह को इस बारे में अवगत करवाया गया है। सूत्रों के अनुसार हॉस्पिटल अथॉरिटी की ओर से चीफ मेडिकल अफसर लेह को बताया गया है कि अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट और फिजिशियन ने दो संदिग्ध मरीजों को चिह्नित किया है, जिनमें कोरोना वायरस की आशंका है।
इनमें से एक मरीज को आईसीयू आईसोलेशन में रखा गया है तो दूसरे मरीज को जनरल आइसोलेशन में रखा गया है। चीफ मेडिकल अफसर लेह से आग्रह किया गया है कि वे जल्द एक हेल्थ अफसर को भेजकर दोनों मरीजों के सैंपल लें और इस संदिग्ध बुखार की जांच के लिए सैंपल को आगे लैबोरट्री में भेजें।
चीफ मेडिकल अफसर को इस बात से भी अवगत करवाया गया है कि पिछले दिनों एक संदिग्ध मरीज जो कि फयांग मोनास्ट्री से लेह आया था, उसकी अचानक बुखार से मौत हो गई है और इस बात की आशंका है कि इस मृतक मरीज में भी कोरोना वायरस के लक्षण थे।
लिहाजा आइसोलेशन वार्ड में दाखिल दो अन्य संदिग्ध मरीजों के सैंपल आगे जांच के लिए जरूर भेजे जाएं। बताते चले कि इस क्षेत्र में काफी संख्या में सेना भी तैनात है। इस तरह का वायरस जवानों से दूर रहे, लिहाजा वहां भी एहतियातन अलर्ट किया गया है।