शिवसेना के नेता अमित अरोड़ा पर शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरो ने हमला कर दिया। हालांकि इस हमले में अमित अरोड़ा बाल-बाल बच गए। हमलवारों की तरफ से चलाई गई गोली उनके दफतर के बाहर खड़ी गाड़ी पर लगी। घटना की सूचना मिलते पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। वही शिवसेना ने हमले के बाद धरना लगा दिया है।
अमित अरोड़ा ने बताया कि शनिवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे वह सेक्टर 32 चौक चंडीगढ़ रोड पर अपने कार बाजार स्थित दफतर में बैठे थे। मौके पर उनके साथ तीन चार लोग व गनमैन भी मौजूद थे। तभी वहां गोली चलने की आवाज आई। गोली उनके दफतर के बाहर खड़ी एंडेवर गाड़ी पर लगी। हालांकि वह अक्सर गाड़ी में बैठकर फोन पर बातचीत करते रहते है लेकिन आज वह अपने दफ्तर मेें बैठे थे। उन्हें आशंका है कि उन पर आतंकी हमला हुआ है क्योंकि उन्हें लंबे समय से आतंकवादियों की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल रही है।
बीते सप्ताह उन्होंने पुलिस डिवीजन नंबर दो के तात्कालीन एसएचओ को दो संदिग्धों की जानकारी देकर उठवाया था लेकिन एसएचओ ने उनके मोबाइल फोन रखकर उन्हें छोड़ दिया। आज हुए हमले के बारे में उन्होंने पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल को भी मामले की पूरी जानकारी दे दी है।
बता दें कि अरोड़ा पर फरवरी, 2016 में आतंकी हमला हुआ था। लेकिन बाद में उन पर ही पुलिस ने फर्जी हमला करवाने का मामला दर्जकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन जब टार्गेट किलिंग में एनआईए की जांच के दौरान यह पाया गया कि अमित अरोड़ा पर वाकई हमला सही में आतंकी हमला था तो उन्हें क्लीन चिट मिली थी। उसके बाद भी अमित अरोड़ा खुद को जान से मारने की धमकियां मिलने के बारे पुलिस को शिकायत देते आ रहे है।