-गांव पाई के पास हुए हादसे में कार चालक व कैंटर क्लीनर की गई जान
-यूपी के बागपत से झज्जर के गांव खेड़ी गुज्जर जाते समय दूध के टैंकर ने कार को मारी टक्कर, कार आगे कैंटर में टकराई
कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर देर रात हुए टैंकर ने कार को टक्कर मार दी। जिससे कार आगे खड़े कैंटर में जाकर टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
झज्जर के गांव खेड़ी गुर्जर निवासी मनिंद्र ने पुलिस को बताया कि वह ट्राली खरीदने के लिए अपने पड़ोसी सुनील, सचिन उर्फ मोनू तथा झज्जर के औरंगपुर निवासी सोमबीर व एक अन्य के साथ शुक्रवार को कार में सवार होकर यूपी के बागपत गए थे। इस दौरान वह ट्राली लेकर आने के लिए ट्रैक्टर भी लेकर गए थे। देर रात जब वह ट्राली लेकर वापस लौट रहे थे तो कार को सोमबीर चला रहा था। जब वह पाई गांव के पास पहुंचे तो सड़क किनारे एक कैंटर खड़ा मिला। जिसके पीछे कार रोककर वह सभी लघुशंका के लिए उतर गए। बाद में वह कार में आकर बैठ गए, लेकिन उनका साथी सोमबीर कार के पीछे खड़ा होकर कैंटर के क्लीनर यूपी के जिला मुज्जफरनगर के गांव मथूरा निावसी हरेंद्र के साथ बातचीत करने लगा।
इसी दौरान पीछे से एक दूध का टैंकर तेज रफ्तार से आया और उनकी कार को टक्कर मार दी। जिससे कार के पीछे खड़े सोमबीर व हरेंद्र की मौत हो गई वह चारों भी घायल हो गए। उन्हें सीएचसी खरखौदा में प्राथमिक उपचार देने के बाद सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से सचिन को गंभीर हालत के चलते पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
हादसे में जान गंवाने वाले सोमबीर व हरेंद्र के शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। घायल मनिंद्र के बयान पर टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।