बीएसएफ की डीटी मल पोस्ट के नजदीक से पकड़े गए दो पाक घुसपैठियों से सोमवार को विभिन्न खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने पूछताछ की। इसके बाद पता चला कि पाक बटालियन-30 (बलौच) के कांस्टेबल शिराज अहमद (32) पुत्र शौकत हयात वासी जिला मनसूर पाक और हेड कांस्टेबल मुमताज खान (38) पुत्र इकबाल खान जिला अटक गलती से भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए थे।
जानकारों के मुताबिक कुछ दिन पहले ही पाकिस्तानी सेना की बटालियन-30 (बलौच) बार्डर पर तैनात हुई थी। पूछताछ के दौरान दोनों ने कहा कि कुछ दिन पहले उनकी बटालियन बार्डर पर तैनाती हुई है। उन्हें सरहद पर बने पाक बंकरों की सफाई करने और उनके आसपास लगे पेड़ों व पौधों की देख-रेख करने के अलावा सतलुज दरिया में मछली पकड़ने वालों को रोकने के लिए तैनात किया गया था। उन्हें इस एरिया की जानकारी अधिक नहीं होने के कारण गलती से वे भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए। जैसे उन्हें चेतावनी दी गई, वह वहीं पर बैठ गए।
सूत्रों के मुताबिक ममदोट क्षेत्र से ही कई बार पाक की तरफ से घुसपैठ की गई है। पकड़े गए घुसपैठिए फौजी हैं इसलिए इनसे अलग तरीके से पूछताछ किया जाना जरूरी है। अभी तक हुई पूछताछ में दोनों घुसपैठियों ने कोई खास जानकारी नहीं दी है। यह भी कहा जा रहा है कि पाक अधिकारियों ने भी अपने दो जवानों के गायब होने के संबंध में बीएसएफ अधिकारियों को टेलीफोन किया है। सोमवार देर शाम तक बीएसएफ ने दोनों घुसपैठियों को ममदोट थाना पुलिस के हवाले नहीं किया है।