राजा वड़िंग ने अमृतपाल के बारे में डीजीपी को पत्र लिखा
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने डीजीपी को पत्र लिखकर अमृतपाल सिंह की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें और उनकी पार्टी को किसी व्यक्ति द्वारा अपने धर्म के प्रचार से कोई आपत्ति नहीं है लेकिन लोगों को हिंसा के लिए भड़काना अस्वीकार्य है।
डीजीपी को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि 29 सितंबर को मोगा जिले के गांव रोडे में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमृतपाल ने जो कुछ कहा, उससे राज्य में लोगों के बीच चिंता बनी हुई है। जिस प्रकार के भाषण इस अवसर पर दिए गए वे एक धार्मिक कार्यक्रम से कोसों दूर थे। उन्हें कुछ बयान के अर्थों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।
वड़िंग ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पंजाब पुलिस पहले से मामले पर नजर रख रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि संगठन वारिस पंजाब दे का क्या उद्देश्य है और किस प्रकार अमृतपाल यहां पहुंचा, जो दुबई में सेटल था। उन्होंने कहा कि पंजाब हिंसा और खून-खराबे का एक अन्य दौर नहीं सहन कर सकता।