चंडीगढ़ में पलटा कूड़े से भरा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के सेक्टर 37/38/24/25 के चौक पर शुक्रवार तड़के कचरे से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक पलट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि मोड़ पर वह अनियंत्रित हो गया और उसमें भरा कचरा पूरी सड़क पर फैल गया। अधिकारियों के अनुसार कचरा निस्तारण के बाद बचे हुए कचरे को कहीं बाहर भेजा जा रहा था। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित हो गया और पलट गया।
डड्डूमाजरा में 21 दिसंबर 2019 को कचरे का पहाड़ हटाने के लिए मशीनों का उद्घाटन हुआ था। 18 माह में कचरे का पहाड़ हटाकर वहां खेल का मैदान बनाने का लक्ष्य तय हुआ। तत्कालीन प्रशासक ने कहा था कि वह खुद हर महीने और सांसद किरण खेर हर 15 दिन में निरीक्षण करने आएंगी। एक आरटीआई के जवाब में चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने बताया है कि अभी कंपनी ने सिर्फ 35 प्रतिशत ही काम किया है।
22 जून 2021 तक डड्डूमाजरा के माइनिंग लीगेसी वेस्ट पर 6 करोड़ 49 लाख रुपये खर्च किए गए हैं और अब तक 185800 मीट्रिक टन (एमटी) कूड़ा प्रोसेस किया गया है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने माना है कि कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के लिए कंपनी ने धीमी गति से काम किया है। अब कंपनी को 23 नवंबर 2021 तक का समय दिया गया है। इस समय सीमा में भी काम
पूरा होता नहीं दिख रहा है। ऐसे में कचरे को बाहर भेजा जाना भी एक बड़ा सवाल है।