हरियाणा में कोविड-19 के लिए निर्धारित नियमों के पालन में ढिलाई और आम लोगों के ढुलमुल रवैये के कारण संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। मास्क लगाना अनिवार्य होने के बावजूद अनदेखी करने वालों के चालान नहीं काटे जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी जांच सैंपल बढ़ाने को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
करनाल जिले के कुंजपुरा सैनिक स्कूल में पिछले दिनों 54 विद्यार्थी संक्रमित मिले थे। अब फिर जिले में 22 अन्य विद्यार्थी संक्रमित मिले हैं। वहीं प्रदेश में जनवरी और फरवरी महीने में प्रतिदिन 15 हजार नमूनों की जांच हो रही थी। पड़ोसी राज्य पंजाब में केस बढ़ने के बाद प्रदेश में भी सैंपलों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अब हर दिन 20 हजार के करीब सैंपल लिए जा रहे हैं।
21 हजार नमूने में 294 पॉजिटिव मिले
गुरुवार को 21617 नमूने लिए गए, इनमें से 294 लोग पॉजिटिव मिले हैं। यह आंकड़ा पिछले दो माह में सबसे अधिक है। सबसे अधिक केस करनाल में 60 (इनमें 22 स्कूली छात्र हैं), गुरुग्राम में 52, अंबाला में 34, पंचकूला में 44 और कुरुक्षेत्र में 34 और फरीबाबाद में 17 मामले मिले हैं। भिवानी, पलवल, महेंद्रगढ़ और हिसार में एक भी केस नहीं मिला है। शेष जिलों में 17 से कम केस मिले हैं।
संक्रमण दर 4.74 प्रतिशत पहुंची
प्रदेश में संक्रमण दर लगातार बढ़ रही है, हालांकि गुरुवार को कोरोना से किसी मरीज की मौत नहीं हुई। संक्रमण दर 4.74 प्रतिशत पहुंच गई। रिकवरी दर घटकर 98.28 फीसदी रही। मृत्यु दर जरूर 1.13 से 1.12 हुई है। ठीक होने पर 149 मरीज डिस्चार्ज हुए। इस समय प्रदेश में कुल 1615 सक्रिय केस हैं।
14974 को टीके की पहली डोज
हरियाणा में गुरुवार को 14974 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज और 3879 लोगों को दूसरी डोज दी गई। कोविड-19 के प्रदेश के नोडल अधिकारी डॉ. ध्रुव चौधरी ने कहा कि महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। अभी भी लोग इसे हल्के में ले रहे हैं और नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे तो यकीनन केस बढ़ेंगे।