मौलीजागरां के विकास नगर निवासी ध्रुपनाथ शर्मा (60) पिछले 24 दिनों से सेक्टर 29 व रामदरबार के ईएसआई अस्पताल का चक्कर काट रहे हैं। उनके महज 750 रुपये के बिल भुगतान के लिए विभाग उन्हें कभी यहां तो कभी वहां भेजकर परेशान कर रहा है। स्थिति यह है कि महज चंद मिनटों में होने वाली कागजी कार्रवाई के लिए उस वृद्ध को सात बार रामदरबार से सेक्टर 29 भेजा गया। बुजुर्ग ने व्यवस्था के आगे घुटने टेककर अंतत: इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से की है।
ध्रुपनाथ ने बताया कि आंख में परेशानी होने पर वे 7 अप्रैल 2021 को रामदरबार ईएसआई गए। डॉक्टर ने चेक कर चश्मा और कुछ दवाइयां लिखी। 500 रुपये का चश्मा लिया और 250 रुपये की दवाइयां। एक नवंबर को डॉक्टर ने कहा अब कोई परेशानी नहीं है।
ईएसआई का लाभार्थी होने के नाते बिल को पास करवाने के लिए कागजी कार्रवाई शुरू की। सभी प्रक्रिया पूरी कर ईएसआई सेक्टर 29 पहुंचा तो उन्होंने बिल और फार्म में कोई न कोई कमी बताकर परेशान करना शुरू कर दिया। चक्कर लगा-लगाकर अब तो थक गया हूं। अब निदेशक स्वास्थ्य और चिकित्सा अधीक्षक को लिखित शिकायत की है।
इतनी बार लगाए यहां के चक्कर
- 11 नवंबर को सेक्टर 29 ईएसआई
- 16 नवंबर को सेक्टर 29 ईएसआई
- 17 नवंबर को ईएसआई रामदरबार
- 25 नवंबर को सेक्टर 29 ईएसआई
- 02 दिसंबर को सेक्टर 29 ईएसआई
- 03 दिसंबर को ईएसआई रामदरबार
अभी अवकाश पर हूं, शिकायत मेरे संज्ञान में नहीं है। इसकी जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. वीके नागपाल