फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़: फायर ब्रिगेड विभाग में दूसरे की जगह फिजिकल देते तीन अभ्यर्थी पकड़े , तीनों को पुलिस के हवाले किया

Sat, 21 May 2022 04:11 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

चंडीगढ़ फायर ब्रिगेड विभाग में दूसरे की जगह भर्ती में शामिल होने आए तीन अभ्यर्थियों को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। तीनों को फायर ब्रिगेड अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस को सौंप दिया गया है।
विज्ञापन
चंडीगढ़ दमकल विभाग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ फायर ब्रिगेड विभाग में फायरमैन पद की भर्ती प्रक्रिया में शनिवार को दूसरे की जगह फिजिकल परीक्षा देते तीन फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान फॉर्म पर लगे दो फोटो का मिलान नहीं हुआ। इसके बाद दोनों से हस्ताक्षर करवाए गए तो वह भी मेल नहीं खाए। पूछताछ में शक हुआ तो पुलिस बुला ली गई। 

विज्ञापन


पुलिस ने अन्य लोगों के दस्तावेजों की जांच की तो एक और फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। पुलिस ने तीन फर्जी अभ्यर्थियों के साथ दो असली अभ्यर्थियों को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक असली अभ्यर्थी की पुलिस तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपियों को रविवार को विशेष मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। यहां से रिमांड लेकर आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। 

नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक हरियाणा निवासी अमन, विक्रम सिंह और आनंद असली अभ्यर्थी थे। इनकी जगह क्रमश: हिसार निवासी विकास, कैथल निवासी विजय कुमार और झज्जर निवासी विनीत फिजिकल परीक्षा देने आए थे। इनमें से अमन, विक्रम, विकास, विजय, विनीत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं आनंद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। 
विज्ञापन


नगर निगम में फायरमैन के पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा के बाद पास होने वाले अभ्यर्थियों की सेक्टर-26 पुलिस मैदान में फिजिकल प्रक्रिया चल रही है। 10 दिवसीय फिजिकल प्रक्रिया 18 मई से शुरू होकर 27 मई तक चलेगी। इसके तीसरे दिन दोपहर में दो अभ्यर्थियों के चेहरे फॉर्म पर लगे फोटो से मेल नहीं खा रहे थे। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें आईडी दिखाने को कहा, आईडी में भी फॉर्म में लगा फोटो मेल नहीं खा रहा था। 

इसके बाद दोनों से हस्ताक्षर करवाए गए। हस्ताक्षर भी मेल नहीं खाए तो शक के आधार पर दोनों से पूछताछ शुरू हुई। इस दौरान कर्मचारियों ने मौके पर चीफ फायर ऑफिसर रोहित गुप्ता को भी बुला लिया। रोहित गुप्ता ने तत्काल पुलिस को बुलाया। पुलिस ने जांच के दौरान एक और व्यक्ति के दस्तावेज मेल न खाने पर पकड़ लिया। तीनों का मेडिकल कराया गया। 

पुलिस ने कहा-कोई और हो तो सामने आ जाए, जांच में पकड़ा तीसरा आरोपी

दो फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़ने के बाद सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां सभी अभ्यर्थियों से कहा कि कोई और फर्जी तरीके से यहां शामिल होने के लिए आया हो तो वह खुद सामने आ जाए, लेकिन कोई सामने नहीं आया। पुलिस ने बचे लोगों की चेकिंग करना शुरू की। इस दौरान तीसरा आरोपी घबरा गया और हड़बड़ाहट में जबाव देने लगा। शक होने पर दस्तावेजों के मिलान किए तो वह भी फर्जी निकला।

फायर ब्रिगेड के 364 पदों पर चल रही है भर्ती प्रक्रिया

नगर निगम फायर ब्रिगेड विभाग में 364 नियमित पदों पर भर्ती कर रहा है। इसमें 300 फायरमैन, 4 स्टेशन फायर ऑफिसर और 60 चालकों के पद हैं। सभी अभ्यर्थी पीयू में परीक्षा पास करके आए हैं। 10 दिनों तक फिजिकल परीक्षा पास करने वालों को नौकरी मिलेगी। प्रतिदिन 70 से 75 अभ्यर्थी फिजिकल दे रहे हैं।   

लिखित परीक्षा को लेकर भी हुई है शिकायत

सेक्टर-43 निवासी नवीन कुमार ने मुख्य विजिलेंस अधिकारी को पत्र लिखकर फायर ब्रिगेड में भर्ती के लिए हुई लिखित परीक्षा पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने पत्र में लिखा है कि पेपर सीलबंद लिफाफे में नहीं थे। स्टेपलर से लिफाफे को बंद किया गया था। अभ्यर्थियों की कोई जांच नहीं की जा रही थी। अभ्यर्थी मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर जा रहे थे। ओएमआर शीट भी तीन की जगह एक ही दी गई थी। ज्ञात रहे कि पीयू ने निगम के सभी विभागों में भर्ती के लिए लिखित परीक्षा ली थी।  

भर्ती प्रक्रिया के दौरान दस्तावेज मिलान न होने पर कमेटी ने तत्काल मुझे जानकारी दी। अपनी संतुष्टि के बाद पुलिस को बुलाया और आरोपियों को उन्हें सौंप दिया है। - रोहित गुप्ता, चीफ फायर ऑफिसर

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें