तीन कृषि कानूनों के खिलाफ वर्ष भर दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन करने वाले 32 किसान संगठनों के संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी 17 दिसंबर को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक के दौरान मोर्चा की तरफ से किसानों व खेत मजदूरों के पूर्ण कर्जमाफी की मांग उठाई जाएगी।
यह जानकारी शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन एकता (डकौंदा) के प्रधान बूटा सिंह बुर्जगिल और महासचिव जगमोहन सिंह पटियाला ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान किसानों से कर्जमाफी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया जाएगा, क्योंकि पंजाब कांग्रेस ने 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में वादा किया था।
बुर्जगिल ने कहा कि 15 दिसंबर को पंजाब में विभिन्न स्थानों पर जारी किसानों के धरने उठा लिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि पंजाब में बीते एक साल से आंदोलन के दौरान टोल प्लाजा, रिलायंस के पेट्रोल पंप, भाजपा नेताओं के घरों, अडानी के ड्राई पोर्ट और कारपोरेट घरानों के मॉल्स सहित 116 स्थानों पर किसानों के धरने जारी हैं। इस बीच किसान नेताओं ने दिल्ली किसान मोर्चे से लौटते हुए मुक्तसर के दो किसानों की सड़क हादसे में मौत को शहादत करार देते हुए, हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शहीदों के परिवारों को मुआवजा और नौकरी दे।
एसजीपीसी की ओर से 13 दिसंबर को किसान नेताओं का किया जाएगा सम्मान
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने किसान संघर्ष की जीत पर शुकराने के तौर पर शनिवार को गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हाल में श्री अखंड पाठ साहिब शुरू करवाया, जिसका भोग 13 दिसंबर को डाला जाएगा। गत दिवस एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की प्रधानगी में एसजीपीसी की एक्टिंग कमेटी की ओर से किसान नेताओं को सचखंड श्री दरबार साहिब जी नतमस्तक होने के अवसर पर सम्मानित करने का फैसला लिया गया था, जिसके मद्देनजर आज श्री अखंड पाठ साहिब शुरु किया गया।
11 किसानों के परिजनों को सीएम ने बांटे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रणदीप सिंह नाभा के साथ कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले किसानों के 11 पारिवारिक सदस्यों को विभिन्न विभागों में क्लर्क की नौकरी देने संबंधी नियुक्ति पत्र सौंपे।
किसानों को राज्य के आर्थिक ढांचे की रीढ़ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। जिन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, उनके नाम हैं- बूटा सिंह, मनीष कुमार, अमृतपाल कौर, मनप्रीत कौर, कमलप्रीत सिंह, निर्मल सिंह, गुरविंदर कौर, बख्शीश सिंह, नरिंदर सिंह, दीक्षा और गगनदीप कौर है।