चंडीगढ़। होली के मौके पर हर वर्ष शहर भर में जगह-जगह नाके लगते हैं ताकि लोग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन न कर सकें। इस बार भी नाके लगे लेकिन पिछले सालों की अपेक्षा सख्ती बेहद कम रही। आंकड़े भी इसकी तस्दीक करते हैं। बीते छह सालों में इस बार होली पर सबसे कम चालान कटे और गाड़ियां जब्त की गईं। हालांकि ऐसा नहीं है कि इस बार युवाओं ने सड़कों पर हुड़दंग नहीं मचाया।
अमर उजाला ने होली के मौके पर शहर के कई इलाकों का दौरा किया और पाया कि शहर में कई नाके ऐसे थे, जहां से युवक बिना हेलमेट लगाए निकलते रहे थे लेकिन पुलिस कर्मचारी मूकदर्शक बने हुए थे। गर्मी होने की वजह से पुलिसकर्मी नाके के पास पेड़ के नीचे बैठे रहे और हुड़दंगी आसानी से बे रोक-टोक निकलते रहे। पंजाब यूनिवर्सिटी में गेट नंबर-3 से अंदर सिर्फ उन्हीं युवाओं को जाने दिया गया, जो अंदर हॉस्टल में रहते हैं इसलिए जो युवा यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट सेंटर पर होली खेलने के लिए पहुंचे थे, उन्होंने सेक्टर-15 की मार्केट में होली खेली। सेक्टर-15 की सड़कों पर पूरे दिन बिना हेलमेट युवक बाइक दौड़ते रहे। एक कार में कई लोग बैठे घूमते रहे और हॉर्न बजाते रहे। दोपहर के बाद पुलिस कर्मचारियों ने यहां सख्ती शुरू की लेकिन शाम तक कमोबेश यही नजारा रहा। यूटी प्रशासन ने होली से एक दिन पहले ही जमावड़े पर लगने वाली भीड़ की सीमा को हटा दिया था, इसलिए शहर के कई जगहों पर लोग जुटे। सुखना लेक के आसपास भी काफी भीड़ रही।
350 पुलिस कर्मचारी रहे तैनात, मौके पर 270 चालान
पुलिस की तरफ से बताया गया कि होली के दौरान हुड़दंगियों पर कार्रवाई करने के लिए पूरे शहर में 24 विशेष नाका लगाए गए। इनमें से मुख्य नाके सेक्टर-23/24 के लाइट प्वाइंट, अरोमा लाइट प्वाइंट, प्रेस लाइट प्वाइंट, सुखना लेक रोड, शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट, हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट आदि पर लगे थे। इस दौरान जो भी व्यक्ति शराब के नशे में गाड़ी चलाता हुआ पाया गया, उसका मेडिकल कराया गया। शहर में परिवहन प्रबंधन के लिए 350 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनकी निगरानी एसएसपी ट्रैफिक और डीएसपी ट्रैफिक ने की। होली के दिन मौके पर कुल 270 चालान किए गए। इनमें 85 बिना हेलमेट और 7 चालान ट्रिपल राइडिंग के हैं। वहीं, कुल 23 गाड़ियां जब्त की गईं।
पिछले छह सालों में होली के दिन नाके, चालान और वाहन जब्त होने के आंकड़े
वर्ष कुल नाके कुल चालान वाहन जब्त
2022 24 270 23
2021 23 452 41
2020 64 1177 239
2019 64 1298 328
2018 70 1017 140
2017 50 742 198