मोहाली। हरियाणा से चंडीगढ़ सेक्टर-26 मंडी में सब्जी बेचकर लौट रही एक महिंद्रा बोलेरो को अजीजपुर टोल प्लाजा के पास जीरकपुर साइड से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा तब हुआ जब बोलेरो में सवार दोनों भाई सड़क किनारे गाड़ी रोक कर बातचीत कर रहे थे। ट्रक का टायर एक व्यक्ति के ऊपर से निकल गया जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान हरचंद सिंह (37) निवासी गांव मिओद खर्दु जिला फतेहाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई भीम सिंह के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक चालक फरार है। पुलिस ने मौके से ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक नंबर से मालिक तक पहुंच करने का प्रयास किया जा रहा है।
भीम सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह तीन भाई-बहन है। बहन शादीशुदा है और उसका छोटा भाई हरचंद सिंह उसके साथ मेहनत मजदूरी करता है। वह 4 नवंबर को अपने भाई के साथ बोलेरो में सब्जी लादकर उसे सेक्टर-26 चंडीगढ़ सब्जी मंडी में बेचने आए थे। 5 नवंबर की रात सब्जी बेचकर दोनों वापस हरियाणा जा रहे थे। कार उसका भाई हरचंद चला रहा था।
वह करीब 2 बजे जीरकपुर-पटियाला रोड पर टोल प्लाजा अजीजपुर से आधा किलोमीटर आगे जाकर रुक गए। वह बातचीत कर रहे थे कि जीरकपुर साइड से आए ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी और उसके भाई को चपेट में ले लिया। ट्रक का टायर उसके भाई के ऊपर से निकल गया जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी जीप पलटकर गिर गई। ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर क्रॉस करके दूसरी तरफ सड़क से नीचे उतर गया। वह राहगीरों की मदद से अपने भाई को डेराबस्सी ले गया जहां उसका शव डॉक्टरों ने मॉर्चरी में रख लिया।