राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के कड़े एक्शन के बाद सिख फॉर जस्टिस का सरगना आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू डर गया है। यही वजह है कि उसने अपना सुर भी बदल लिया है। अब उसने एयर इंडिया को लेकर नया वीडियो जारी किया है। आतंकी पन्नू ने कहा कि मेरा वीडियो संदेश एयर इंडिया के बहिष्कार का है। मैंने बमबारी की बात नहीं की।
एयर इंडिया के विमानों को निशाना बनाने के मामले में एनआईए ने पन्नू के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी, 153ए, 506 और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 10, 13, 16, 17, 18, 18बी व 20 के तहत मामला दर्ज किया है। पन्नू ने एक वीडियो में एयर इंडिया एयरलाइंस की 19 नवंबर को उड़ानें बंद करने की धमकी दी थी। इसके बाद दिल्ली और पंजाब के एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वीडियो में आतंकी पन्नू ने एयर इंडिया के विमानों को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
आतंकी पन्नू राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कार्रवाई से बौखला गया है। करीब दो माह पहले एनआईए ने पन्नू की अमृतसर के गांव खानकोट स्थित 46 कनाल कृषि जमीन और चंडीगढ़ के सेक्टर 15 स्थित कोठी को जब्त किया था। एनआईए ने पंजाब के कई जिलों में छापेमारी कर उसके रिश्तेदारों से पूछताछ भी की थी। एनआईए इससे पहले आतंकी पन्नू के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी कर चुकी है।