आप विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा और गुरमीत सिंह चौहान।
- फोटो : फाइल
पंजाब के हलका खडूर साहिब से आप विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा से पंगा लेना तरनतारन के एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान को भारी पड़ गया। पंजाब पुलिस ने गुरुवार को चौहान समेत पांच अधिकारियों का तबादला कर दिया। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल के एआईजी अश्वनी कपूर को अब तरनतारन की कमान सौंपी गई है। चौहान के पोस्टिंग का आदेश नहीं जारी किया गया है। उन्हें फिलहाल डीजीपी पंजाब को रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है। पंजाब पुलिस के नए आदेश के मुताबिक मुखविंदर सिंह को आईजी पटियाला रेंज लगाया गया है। अभी तक उनके पास कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं थी।
इसी तरह डीआईजी प्रोविजनिंग धनप्रीत कौर को डीजीआईजी लुधियाना रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह कौस्तुभ शर्मा की जगह लेंगी। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। उक्त अधिकारियों को पहल के आधार पर नए स्थानों पर ड्यूटी ज्वाइन करने का आदेश दिया है।
याद रहे कि हलका खडूर साहिब से आप विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने तरनतारन के एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस विवाद के बीच विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी शेयर किया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाते हुए अपनी सुरक्षा वापस करने की बात कही है।
लालपुरा ने कहा कि मैंने कहा था कि एसएसपी चोरों से मिले हैं लेकिन अब पता चला कि वे कायर भी हैं। एसएसपी ने रात को पुलिस के प्यादे भेजे थे। उन्होंने जो मेरे रिश्तेदार के साथ किया, उसके जवाब का इंतजार करो।’ हालांकि एसएसपी ने इन आरोपों को नकारा था। उन्होंने कहा था कि यह रूटीन ऑपरेशन था। उन पर लगे सारे आरोप गलत हैं।