रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों को किसानों की हड़ताल के चलते ट्रेंने नहीं चलने की मिली जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। किसानों ने वीरवार दोपहर बारह बजे देवीदासपुरा (जंडियाला गुरु) रेल ट्रैक पर धरना दिया। अपनी मांगों को लेकर किसानों द्वारा किए जा रहे विरोध से अमृतसर से सात गाड़ियां नहीं चल सकीं। हालांकि इससे रेल अधिकारियों को दिल्ली से आने वाली गाड़ियों को धरना स्थल से पीछे ही रोकना पड़ा। इसके चलते रेलवे की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को भी मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
अमृतसर से रवाना होने वाली फ्लाइंग (14674), नंगल डैम (04537), छेहरटा पैसेंजर (04591), अजमेर (19614), शान-ए-पंजाब (12497), छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18238), स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस गाड़ी यहां से रवाना नहीं हो सकीं। नई दिल्ली से आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को फगवाड़ा के पास रोक दिया। ट्रेन न चलने के कारण यात्रियों को लौटना पड़ा।
स्थानीय सुदेश रानी और सुरेश कुमार ने बताया कि उन्हें बटाला जाना था। उन्हें किसानों के धरने से ट्रेनें प्रभावित होने की जानकारी रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद मिली। किसानों के धरने के चलते सिर्फ उन्हें ही नहीं बल्कि, उनके जैसे सैकड़ों यात्रियों को परेशान होना पड़ा। इस दौरान यात्री एक तरफ तो रेलवे अधिकारियों को कोसते रहे, वहीं सरकार को किसानों के साथ बात करने की पहल करने की बात करते रहे। ताकि भविष्य में आम यात्रियों को परेशान नहीं होना पड़े।