तरनतारन में तय मानकों के मुताबिक स्कूली वर्दियों की खरीद नहीं करने और सरकारी ग्रांट का दुरुपयोग करने के आरोप में शिक्षा विभाग ने डीईओ एलिमेंट्री दलजिंदर कौर को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान वह जालंधर हेडक्वार्टर में तैनात रहेगी। यह आदेश प्रमुख सचिव शिक्षा विभाग जसप्रीत तलवार ने जारी किया है।
शिक्षा विभाग के ध्यान में आया है कि महिला अधिकारी ने नियमों को तोड़ा है। साथ ही ग्रांट में धोखाधड़ी हुई है। जैसे ही मामला सामने आया, उच्च अधिकारियों को ध्यान में लाया गया। इसके बाद तुरंत प्रभाव से अधिकारी को मुअत्तल कर दिया गया। इस दौरान उन्हें केवल गुजारा भत्ता दिया जाएगा। वहीं, शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता से जांच के लिए कमेटी गठित की है। इस संबंध में पूरा रिकॉर्ड जुटाया जाएगा।