रोड रेज मामले में पटियाला जेल में बंद पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की गणतंत्र दिवस के मौके पर रिहाई की भले ही अधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है लेकिन पटियाला स्थित सिद्धू के बेहद करीबी समर्थकों का दावा है कि सिद्धू गुरुवार को सवा 12 बजे तक जेल से बाहर आ जाएंगे। इसलिए उन्होंने सिद्धू के स्वागत के लिए जोरदार तैयारियां कर ली हैं।
सिद्धू के बेहद करीबी एवं जिला कांग्रेस कमेटी पटियाला शहरी के पूर्व प्रधान नरिंदर पाल लाली के मुताबिक सिद्धू को जुलूस की शक्ल में गुरूद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब से खंडा चौक, लीला भवन चौक, फव्वारा चौक और फिर माल रोड से होते यादविंदरा एनक्लेव में उनकी कोठी तक लाया जाएगा। इस पूरे रास्ते में 35 जगहों पर सिद्धू की रिहाई की खुशी में लंगर चलाए जाएंगे। लंगर में ब्रेड पकौड़ा, चाय, खीर, दूध, छोले-पूरी की व्यवस्था होगी। ढोल की थाप पर भांगड़ा करने वाले कलाकार मौजूद रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि करीब 30 हजार समर्थक सिद्धू के स्वागत को मौजूद रहेंगे। सिद्धू पर फूलों की वर्षा के लिए मशीन मंगाई गई है।
लाली ने बताया कि जेल से रिहाई के मौके पर सिद्धू के स्वागत को उनके बेटे कर्ण सिद्धू पहुंचेंगे, जबकि बेटी व पत्नी घर पर रहकर उनके स्वागत के लिए तैयारियां करेंगी। शहर में सिद्धू के स्वागत के लिए जगह-जगह होर्डिंग्स व बैनर लगा दिए गए हैं। उधर, सिद्धू की कोठी पर भी जश्न होगा। लाली ने दावा किया कि कईं बड़े नेता सिद्धू के स्वागत को पहुंच रहे हैं।