पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने कहा है कि पंजाब में अब कोई भी राजनीतिक पार्टी उनके मुकाबले में नहीं है। अकाली-भाजपा गठबंधन बड़े अंतर से जीत हासिल करेगा। पंजाब में चौथे फ्रंट के गठन संबंधी पूछे एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि ऐसे कई फ्रंट भविष्य में असितत्व में आएंगे, लेकिन इससे उनकी पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। आप संबंधी बादल ने कहा कि इस पार्टी का असल चेहरा लोगों के सामने बेनकाब हो चुका है।
सुखबीर बादल ने दावा किया कि उनकी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों में विकास के मुद्दे पर लोगों की अदालत में जाएगी और लगातार तीसरी बार सरकार का गठन करके इतिहास रचा जाएगा। वह वीरवार को पटियाला के गांव धुमां में दमदमी टकसाल के प्रमुख बाबा हरनाम सिंह धुमां के पिता जत्थेदार तरलोचन सिंह के अकाल चलाना करके जाने के कारण उनके पारिवारिक सदस्यों के साथ दुख सांझा करने के लिए आए थे।
विधानसभा के आखिरी सेशन के दौरान हुई घटनाओं के बारे में कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और सदन की मर्यादा भंग हुई है। इस मौके पर बाबा धुमां की मांग पर डिप्टी सीएम ने गांव धुमां के विकास के लिए पंचायत को 10 लाख रुपये, गांव खेडा गज्जू से धुमां तक की सड़क को 10 फुट से चौड़ा करके 18 फुट करके उसका नाम जत्थेदार तरलोचन सिंह धुमां के नाम पर रखने और गांव में प्राथमिक सेहत केंद्र बनाने का एलान किया। जत्थेदार तरलोचन सिंह के नाम पर गांव में तकनीकी शिक्षा का कालेज खोलने का भी भरोसा दिलाया गया।