चंडीगढ़। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने दूसरे राज्यों में पढ़ाई के लिए लद्दाख व जम्मू-कश्मीर के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रधानमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। इसके जरिए राष्ट्रीय एकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
लद्दाख व जम्मू-कश्मीर के विद्यार्थी अपने आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण कुछ छात्र दूसरे राज्यों के शिक्षण संस्थानों में दाखिला कम ले पाते हैं। इस कारण उनका सपना प्रभावित होता है और दूसरे राज्यों के बारे में जानकारी भी नहीं हो पाती है। इसी को देखते हुए अन्य भारतीय राज्यों की संस्कृति, भाषा और आजीविका के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए यह योजना शुरू की गई है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद इसका कार्यान्वयन करेगी। विद्यार्थियों की पढ़ाई को लेकर कई परेशानियां आई थीं, उसी को देखते हुए यूजीसी ने कदम बढ़ाया। यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को यह निर्देश भेजे हैं ताकि वे विद्यार्थियों को इसके बारे में जानकारी दे सकें।