चंडीगढ़। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी एक फरवरी से कैंपस खोल रहा है। एमटेक व पीएचडी के विद्यार्थी कैंपस में आएंगे। इन छात्रों को छात्रावास की सुविधा मिलेगी। बीटेक चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों को भी 14 फरवरी से कैंपस बुलाने की तैयारी है।
वहीं दूसरी ओर बीटेक छठे सेमेस्टर के इंटर्नशिप कर रहे छात्रों को छात्रावास का लाभ नहीं मिलेगा। केवल कोर्सवर्क के छात्र को ही सुविधा मिलेगी। कोरोना की तीसरी लहर के कारण पेक ने सभी विद्यार्थियों को घर भेज दिया था। पढ़ाई ऑनलाइन ही चल रही थी। अब स्थिति सामान्य हो रही है। ऐसे में छात्रों को कैंपस बुलाया जा रहा है। प्रथम चरण में उच्च कक्षाओं के छात्र कैंपस आएंगे। उनके लिए दिशानिर्देश भी तैयार किए गए हैं, जिनका पालन करना होगा। एक कमरे में एक ही छात्र को जगह दिए जाने की योजना है।