मोहाली के डीसी ऑफिस में हड़ताल
- फोटो : फाइल फोटो
अगर आपको डीसी ऑफिस में कोई काम है तो कल ही निपटा लें। 15 जून से वहां कोई काम नहीं होगा। 15 जून से मोहाली में फेज-1 स्थित प्रबंधकीय कांप्लेक्स व जिले के अन्य सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं। इससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान होगा।
वहीं, लोगों को भी अपने काम के लिए धक्के खाने पड़ेंगे। क्योंकि पंजाब स्टेट मनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन ने बुधवार से हड़ताल पर जाने की तैयारी की। इस संबंध में यूनियन की सोमवार को एक आपात मीटिंग हुई, जिसमें संघर्ष की रणनीति तैयार की गई।
जानकारी के मुताबिक, ओम प्रकाश की अगुवाई में सोमवार को हुई मीटिंग में तय किया गया कि 14 जून तक मुलाजिम काले बिल्ले लगाकर काम करेंगे और 15 से 17 जून तक मुलाजिम कलमछोड़ हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि अगर तय समय में उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।
इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने बताया कि जल्द जिले के अन्य दफ्तरों के मुलाजिम भी संघर्ष शामिल होंगे। साथ ही मुलाजिमों द्वारा रैलियां भी की जाएगी। मीटिंग में डीसी दफ्तर यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह, चेयरमैन अशोक कुमार, हरमिंदर सिंह चीमा, मनजीत सिह, अमित कटोच, अमरीक सिंह डीटीओ दफ्तर, गुरप्रीत सिंह, अनीता निझवान और राजीव वालिया मौजूद रहे।