नगर निगम चुनाव खत्म होते ही शहर के एटीएम से भी कैश गायब हो गया है। सोमवार को शहर के कई एटीएम खाली थे। वहीं कई अन्य स्थानों पर कतारें लगी हुई थी। लोगों का कहना है कि चुनावों के दौरान एटीएम में रुपये मिलने लगे थे लेकिन अब इलेक्शन खत्म होते ही एटीएम पर लंबी कतारें लगने लगी हैं।
पिछले तीन चार दिन से शहर में देखा जा रहा था कि किसी भी एटीएम पर कोई कतार नहीं लग रही थी। हर एटीएम में पर्याप्त कैश डल रहा था। लग रहा था कि नोटबंदी जैसी कोई चीज ही नहीं रह गई है।
लेकिन नगर निगम चुनावों की वोटिंग के अगले दिन से एटीएम नो कैश के नोटिस दिखने लगे। सेक्टर 9, 30, 27, 19, 17, 18, 32, 45 में कई एटीएम पर दोपहर तक कैश नहीं मिला। कुछ एटीएम पर तो कैश दोपहर तक पहुंच गया, लेकिन इन सेक्टरों में कई एटीएम में कैश नहीं था।
सेक्टर 30 निवासी राजविंद्र सिंह ने बताया कि कई दिनों से सेक्टर के 3 एटीएम चल रहे थे। लेकिन सोमवार को सिर्फ एक ही एसबीआई का एटीएम चल रहा है। उस पर भी अधिक भीड़ थी।
सूत्रों की मानें तो इस महीने के शुरू से ही लोगों को एटीएम से पैसा निकालने में बड़ी परेशानियों का सामना हो रहा था। इसके बाद यहां के भाजपा नेताओं ने दिल्ली के आला नेताओं से बातकर चुनावों तक एटीएम में पैसा डालने की गुहार लगाई थी।
भाजपा नेताओं ने साफ कह दिया था कि अगर निगम चुनावों में वह हारे तो उसका बड़ा कारण नोटबंदी के कारण हो रही दिक्कतें होंगी। इसके बाद से शहर में चुनावों तक एटीएम फुल रहे।